जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी एवं किसान मेला सम्पन्न: नहरों के संचालन एवं बीज की समय से उपलब्धता के निर्देश

0
331

उरई (जालौन)।जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी एवं किसान मेला का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया।

गोष्ठी में 32 स्टालों की कृषक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिनमें कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, लीड बैंक, यूपी एग्रो सहित निजी क्षेत्र की संस्थाओं ने प्रतिभाग किया। उप कृषि निदेशक ने सोलर पंप, सोलर फेंसिंग, कृषि यंत्र, बीज एवं उर्वरक वितरण तथा ऑनलाइन किसान पंजीकरण की विस्तृत जानकारी कृषकों को दी।
कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. मो. मुस्तफा ने खरीफ में दलहनी व तिलहनी फसलों पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. विस्टर जोशी ने प्राकृतिक खेती को अपनाने का आग्रह किया।

माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि किसान हितैषी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। साथ ही नहर विभाग को निर्देशित किया गया कि नहरों एवं नलकूपों को पूर्ण क्षमता से संचालित किया जाए।

विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन ने महिलाओं से किचन गार्डन व पशुपालन को प्रोत्साहित करने की अपील करते हुए कहा कि इससे घरेलू आय में वृद्धि संभव है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि पिछली खरीफ में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 48455 किसानों को 4465.01 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति वितरित की गई, जो जनपद की अब तक की सर्वाधिक राशि है। उन्होंने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता किसान बन्धु हैं, इसलिए बीज, उर्वरक, विद्युत आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए।

गोष्ठी में बलराम सिंह लंबरदार ने समय पर बीज उपलब्ध कराने की अपील की, राजबीर सिंह जादौन ने किसानों से अनुरोध किया कि वे खरीफ फसलों को नुकसान से बचाने हेतु अपने पशुओं को अन्ना न छोड़ें, जबकि साहब सिंह चौहान ने नहरों की सिल्ट सफाई और टेल तक पानी पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में कालपी विधायक प्रतिनिधि आशीष चतुर्वेदी, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम लंबरदार, प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह जादौन, प्रांत अध्यक्ष साहब सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी कुमुदेन्द्र कलाकर सिंह, उप कृषि निदेशक एस.के. उत्तम, जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विकास शुक्ला सहित जनपद के प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here