उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-V के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक, जनपद हमीरपुर के निर्देशन में जिले के सभी थानों पर तैनात महिला पुलिस कर्मियों और मिशन शक्ति टीम ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, धार्मिक स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।
महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच/बैड टच, और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि बस, रास्तों या सार्वजनिक स्थलों पर छेड़छाड़ की घटनाओं का सामना होने पर डरने के बजाय तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1090 या नजदीकी थाने पर जाकर एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी गई। साथ ही, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम के सुरक्षित उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त, यातायात नियमों के पालन और उनके महत्व के बारे में जानकारी दी गई, साथ ही महिलाओं और बालिकाओं से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इन नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई, जिनमें 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (वीमेन हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102 (गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए एम्बुलेंस हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन), 101 (अग्निशमन सेवा), और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने इस अभियान को महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सभी से इन सुविधाओं का लाभ उठाने और जागरूकता फैलाने की अपील की।





