जनपद के कोंच स्थित विद्युत उपकेंद्र पर उपभोक्ताओं के साथ शोषण किए जाने के आरोप सामने आए हैं। खनुवां निवासी ब्रजेश कुमार उदैनियां ने विद्युत उपखंड अधिकारी (एसडीओ) कोंच पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए बताया कि उन्होंने अपना बिजली बिल संख्या 6723822000 दिनांक 24 फरवरी 2026 को पूर्ण रूप से जमा कर दिया था।
इसके बावजूद मार्च माह का बिल आने पर उसमें एक माह का 1262 रुपये दर्शाया गया। जब इस संबंध में एसडीओ से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि 872 रुपये एरियर के रूप में जोड़े गए हैं, जो ऊपर से सभी उपभोक्ताओं के बिलों में आ रहे हैं।
पीड़ित का आरोप है कि इस प्रकार लगातार बिलों में अतिरिक्त राशि जोड़कर उपभोक्ताओं का शोषण किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि एसडीओ से कई बार संपर्क करने के प्रयास किए गए, लेकिन न तो वह उपभोक्ताओं से मिलते हैं और न ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
जबकि प्रदेश सरकार द्वारा जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, इसके बावजूद कोंच विद्युत उपखंड पर उपभोक्ताओं की अनदेखी की जा रही है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।





