कॉलेज एवं 46 यूपी बटालियन एनसीसी गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया पौधरोपण
सिद्धार्थनगर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के उद्देश्य से श्री सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज, तेतरी बाजार में 46 यूपी बटालियन एनसीसी गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के छायादार, फलदार, औषधीय पौधों का रोपण कर किया गया।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय अनमोल ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, शुद्ध वायु प्राप्त करने तथा भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट मुकुल कुमार एवं सेकंड ऑफिसर महेंद्र के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट ने बढ़ चढ़कर वृक्षारोपण कार्यक्रम मैं प्रतिभाग किया। विद्यालय के सभी शिक्षक रणजीत चौधरी, हृदय नारायण मिश्रा, गिरिजेश कुमार, बृजेश मणि त्रिपाठी, विनय गुप्ता, मान सिंह, संतोष कुमार, मधुरेंद्र मिश्रा, शारीरिक शिक्षक रामकरन, अंकित यादव, सीनियर कैडेट अरबाज, काजल, सोनी, शादाब, प्रिंस, सूरज आदि का योगदान सराहनीय रहा।





