उरई (जालौन)। जय बाबा अमरनाथ बर्फानी ग्रुप के तत्वावधान में अमरनाथ यात्रा से सकुशल लौटने की खुशी में नगर के बड़ी माता मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान भोलेनाथ के पूजन-अर्चन, बाबा अमरनाथ बर्फानी की आरती तथा कन्या पूजन एवं कन्या भोज से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर भंडारा कराया गया।
भंडारे में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सभी ने शिव मंदिर में भगवान शिव के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर शिव भजनों और भक्तिमय संगीत की गूंज से वातावरण पूरी तरह शिवमय बना रहा।
ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी समिति के लगभग 100 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा अमरनाथ के पवित्र दर्शन के लिए गया था। यात्रा के सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न होने पर भगवान भोलेनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए पूड़ी-सब्जी सहित प्रसाद की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में लाला पुरवार, बालमुकुंद चौरसिया, पुष्पेंद्र सिंह यादव, श्यामजी गुप्ता, मनीष धूसर, शिवा, जगदीश राठौर, नीरज सोनी, मोनू पंडा, मोहित पाटकार, अमित विश्नोई, रोहित चौरसिया, विशाल पाटकार, मोनू गुप्ता, गोपालजी गुप्ता सहित ग्रुप के अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक शिव आरती की गई तथा भगवान भोलेनाथ से सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की गई।





