कानपुर। शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर सामने आया, जहां एक बेकाबू बोलेरो ने दरोगा समेत तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक टेंट कारोबारी की मौत हो गई, जबकि दरोगा गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात टिकरा चौकी पर तैनात दरोगा प्रदीप कुमार (29) क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कल्याणपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दरोगा सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
बेकाबू बोलेरो यहीं नहीं रुकी और करीब 500 मीटर आगे बढ़ने के बाद उसने एक बाइक सवार और टेंट कारोबारी फूल सिंह कुशवाहा (45) को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसके बावजूद वाहन की रफ्तार कम नहीं हुई और करीब 300 मीटर आगे जाकर बोलेरो सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
फूल सिंह कुशवाहा की हालत बेहद गंभीर थी, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन मंगलवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं दरोगा प्रदीप कुमार का निजी अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बाइक सवार को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।





