परिजनों का आरोप बस में केयरटेकर या सुरक्षा उपाय न होने से मासूम छात्र की हुई दर्दनाक मौत
बढ़नी सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थानाक्षेत्र के औरहवा गांव से सुबह स्कूल जाने के समय एक दर्दनाक घटना प्रकाश में आया है , आरोप है कि एक 8 वर्षीय विद्यार्थी बस में चढ़ते समय कोई केयर टेकर न होने के कारण बस के नीचे आ गया जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो जाने की खबर है। बताया जाता है कि मृतक छात्र आदित्य ढेबरुआ थाना क्षेत्र के पथरदेइया स्थित एक स्कूल के कक्षा 2 का विद्यार्थी था जिसकी उम्र लगभग 8 वर्ष बताई जाती है,जो एक स्कूल बस के इंतजार में अपने बहनों के साथ स्कूल जाने के लिए तैयार था।
कहा जाता है कि जैसे ही स्कूल बस आई,बहन बस पर चढ़ गई लेकिन बालक के चढ़ने के पहले ड्राइवर ने बस को स्टार्ट करके आगे बढ़ा दिया,जिसकी वजह से वह नीचे गिर गया और बस के नीचे आने से उसकी जान चली गई। बताते हैं कि बस के नीचे आने के बाद गांव में चारों तरह हो हल्ला होने लगा,बच्चे के परिवार के लोग दौड़कर घटना स्थल पर पहुंचे,बच्चे की स्थिति देखकर परिवार के लोग दहाड़ मार कर रोने लगे,गांव में कोहराम मच गया जिसके बाद गांव के लोगों ने आनन फानन में बच्चे को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने जांच इत्यादि के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज वीरेंद्र यादव ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
थाना ढेबरुआ प्रभारी वीरेंद्र पासवान ने बताया कि मामला संज्ञान में है,मृतक बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है,बस एवं ड्राइवर अब्दुल रसीद पुत्र मोहम्मद हनीफ उम्र 56 वर्ष निवासी धनौली थाना पचपेड़वा जिला बलरामपुर को कब्जे में ले लिया गया है,मैनेजमेंट को बुलाया गया है,अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज करके कार्यवाही की जाएगी,किसी भी दोषी की बख्शा नहीं जाएगा।





