धर्मांतरण गिरोह के मास्टरमाइंड जमालुद्दीन उर्फ छांगुर के करीबी सहयोगी ईदुल इस्लाम को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। एटीएस ने उसे नागपुर से गिरफ्तार किया था। ईदुल भारत प्रतीकार्थ सेवा संघ चलाता था, जिसका उपयोग धर्मांतरण के लिए होता था। एटीएस अब उसे रिमांड पर लेकर फंडिंग और अवैध धर्मांतरण से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाएगी।
लखनऊ। धर्मांतरण गिरोह के मास्टरमाइंड जमालुद्दीन उर्फ छांगुर के करीबी सहयोगी ईदुल इस्लाम को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। एटीएस ने रविवार को ईदुल को कोर्ट में पेश किया था। अब धर्मांतरण रैकेट तक पहुंचने के लिए उसे रिमांड पर लिया जाएगा।
जेल भेजे गए ईदुल इस्लाम का नाम धर्मांतरण प्रकरण की जांच के दौरान सामने आया था। छांगुर की गिरफ्तारी के बाद से ही नामजद एफआइआर करके एटीएस उसकी तलाश में जुटी थी। शनिवार को ईदुल को नागपुर से गिरफ्तार करके ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया गया था।
एटीएस को मिली थी जानकारी
एटीएस को पता चला है कि ईदुल भारत प्रतीकार्थ सेवा संघ नाम का एक संगठन चलाता था। इसका उपयोग भी वह कथित तौर पर धर्मांतरण के लिए करता था। छांगुर को उसने इसी संगठन का अवध क्षेत्र का अध्यक्ष नियुक्त किया था।
सूत्रों के अनुसार नागपुर के गौसिया मस्जिद आसी नगर निवारी ईदुल के पास फंडिंग और अवैध धर्मांतरण से जुड़ी अहम जानकारियां हो सकती हैं। इसलिए उसे रिमांड पर लिया जाएगा। बता दें कि ईदुल के खिलाफ एटीएस/एनआइए ने गैर जमानती वारंट जारी किया था।





