
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में राज्यसभा सांसद और पार्टी के पूर्व महासचिव अमर सिंह का पुतला जलाकर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया.
ये विरोध प्रदर्शन समाजवादी पार्टी के पार्षद व पूर्व नगर अध्यक्ष शाहाब अंसारी के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर के हैप्पी मैरिज हाउस के सामने किया. पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सदस्य के उस बयां के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जिसमे उन्होंने अखिलेश यादव को औरंगज़ेब बताया था.
गौरतलब है कि मेरठ में राज्यसभा सदस्य अमर सिंह ने कहा था कि देश में प्रधानमंत्री के लिए नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है. बाकी सब हवाई बात कर रहे हैं. बोले कि बुआ भतीजे का गठबंधन पहले तो होना ही मुश्किल है और यदि हो भी गया तो चलेगा नहीं. राहुल गांधी के डीएनए में पॉलिटिक्स है और वह इंसान भी अच्छे हैं. लेकिन फिलहाल प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं.
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर हमलावर होते हुए अमर सिंह ने उन्हें औरंगजेब कहा, अखिलेश यादव के साथ मायावती पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि दोनों के बीच चुनावी गठबंधन होना ही मुश्किल है. भाजपा पर पार पाने के लिए यदि हो भी गया तो यह गठबंधन चलेगा नहीं.





