अवैध निर्माणों की बाढ़, दर्जनों अवैध बिल्डिंग तैयार
आगरा। आवास विकास परिषद आगरा के अवर अभियंता, सहायक अभियंता व अधिशाषी अभियंता की मिलीभगत से निर्माण खंड – 1 और निर्माण खंड – 2 सिकंदरा आवासीय योजना में दर्जनों अवैध निर्माण बन कर तैयार हो गए हैं। निर्माण कार्य चलते समय विभिन्न दैनिक समाचार पत्रों ने अधिकारियों को कुम्भकर्णीय नींद से जगाने का प्रयास किया तो भी इन्होंने निर्माण कार्यों को रोकने का प्रयास तक नहीं किया। नतीजा यह है कि आवासीय भूमि पर व्यवसायिक निर्माण बन तैयार हो गए परंतु अधिकारियों ने कोई कार्यवाही नहीं की। जिसमें की निर्माण खंड 1 कमला नगर योजना में एफ 320 सुरेश चंद्र अग्रवाल व अनुज गंगल द्वारा आवासीय भूखण्डों पर बिना नक्शा पास कराए और नियम विरुद्ध व्यावसायिक निर्माण कराकर कॉम्प्लेक्स बन तैयार हो गया।
इसके बदले आवास विकास के अवर अभियंता, सहायक अभियंता व सहायक अभियंता को मोटी रकम देकर उनका मुंह बंद कर दिया गया। इन अधिकारियों ने बने हुए कॉम्प्लेक्स पर शासन की नजरों में धूल झोंक और अपनी अवैध कमाई को ढकते हुए समाचार प्रकाशित और शिकायत के बाद सील लगा दी गई। परंतु सिर्फ 2 महीने बाद ही सील हटा दी। क्या आवासीय भूमि पर व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स साफ सुथरा हो गया जो सील हटा दी गई? यह हाल आगरा से लेकर अलीगढ़ और मेरठ तक सभी जगह देखा जा सकता हैं। वैसे तो सीएम योगी भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश की बात करते है परंतु आवास विकास में दीमक की तरह लगा भ्रष्टाचार आखिर कब थमेगा और ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कब होगी यह जनता जानना चाहती है।





