योगी सरकार ने दिया बड़ा तोहफा, अब विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ कमाई का मिलेगा मौका

0
1085

श्रम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 18 वर्ष से अधिक आयु के विश्वविद्यालय और डिग्री कॉलेज के छात्रों को होटल उद्योग में अंशकालिक रोजगार दिलाने की पहल की है। इसका उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक अनुभव, आय और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है। प्रमुख सचिव श्रम की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई होटल समूहों ने रुचि दिखाई है। योजना अभी औपचारिक रूप से लागू नहीं हुई है, लेकिन फीडबैक के बाद छात्रों को आवेदन का अवसर मिलेगा। यह युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

लखनऊ। प्रदेश में विश्वविद्यालयों और डिग्री कालेजों में पढ़ने वाले 18 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ रोजगार से जोड़ने की दिशा में श्रम विभाग ने होटल उद्योग के सहयोग से अहम पहल शुरू की है। इस संबंध में हाल ही में प्रमुख सचिव श्रम की अध्यक्षता में होटल इंडस्ट्री और अन्य उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई, जिसमें होटल उद्योग से छात्रों के लिए पार्ट-टाइम जाब उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई।

इसका उद्देश्य छात्रों को पढ़ाई के दौरान व्यावहारिक कार्य अनुभव देना, उनकी आय के साधन विकसित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। बैठक के बाद कई प्रमुख होटल समूहों ने इस प्रस्ताव में रुचि दिखाई है, हालांकि योजना को अभी औपचारिक रूप से लागू नहीं किया गया है। श्रम विभाग के प्रमुख सचिव डा. एमके शन्मुगा सुंदरम के अनुसार होटल उद्योग से प्राप्त प्रस्ताव फिलहाल प्रक्रिया में हैं।

संबंधित होटल इकाइयों से फीडबैक लिया जा रहा है और यह आकलन किया जा रहा है कि प्रदेश स्तर पर कितने होटल इसमें भागीदारी कर सकते हैं और किन-किन पदों पर पार्ट-टाइम जाब के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद कालेजों, राज्य के रोजगार पोर्टल और श्रम विभाग के माध्यम से छात्रों को आवेदन का अवसर दिया जाएगा। यह पहल राज्य स्तर पर युवाओं को रोजगार से जोड़ने और शिक्षा के साथ कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here