मोकी (चीन): भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने महिला जूनियर एशिया कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारत ने मुकाबले में चारों क्वार्टर में गोल दागे और पाकिस्तान को एक भी गोल करने का मौका नहीं दिया।
पहले हाफ में ही 10 गोल
भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक हॉकी खेली। पूजा साहू ने सातवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर खाता खोला। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार गोल करते हुए पहले क्वार्टर के अंत तक 5-0 की बढ़त बना ली। दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने पांच गोल किए और हाफ टाइम तक स्कोर 10-0 हो गया।
दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम की रफ्तार कम नहीं हुई। तीसरे क्वार्टर में तीन और अंतिम क्वार्टर में छह गोल करते हुए भारत ने मुकाबला 19-0 से अपने नाम कर लिया।
पूजा मलिक की हैट्रिक
भारत की ओर से पूजा मलिक ने तीन गोल दागे। रोशनी आइंद, सानिका चंद्रकांत माने, मधु सिदार और सुप्रिया ने दो-दो गोल किए। कुल 13 भारतीय खिलाड़ियों ने स्कोरशीट पर अपना नाम दर्ज कराया।
अब सेमीफाइनल पर नजर
इस जीत के साथ गत चैंपियन भारत ने टूर्नामेंट में अपना शानदार अभियान जारी रखा है। ग्रुप चरण में भारत ने दक्षिण कोरिया, मलेशिया और जापान को हराया था, जबकि चीन के खिलाफ मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा था। भारत अब सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ेगा।





