हमीरपुर। राठ कोतवाली क्षेत्र के सरसई गाँव में गुटखा थूकने का विरोध करने पर एक दबंग युवक ने 65 वर्षीय महिला को दूसरी मंजिल से पहली मंजिल की छत पर फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
रविवार शाम करीब 6:30 बजे घटना के समय महिला तारारानी पत्नी स्वामी प्रसाद ने युवक को अपनी छत पर पान मसाला थूकने से मना किया था। आरोप है कि नाराज युवक ने गाली-गलौज करते हुए महिला को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। घायल महिला को डायल 112 पुलिस की मदद से सीएचसी राठ में भर्ती कराया गया।
महिला के पुत्र का कहना है कि आरोपी युवक से पुराना जमीनी विवाद चल रहा है और वह पहले भी मारपीट कर चुका है। राठ कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





