डुमारियागंज सिद्धार्थनगर। डुमारियागंज-बस्ती मुख्य मार्ग पर स्थित सेंथथॉमस स्कूल के पास इन दिनों जल-भराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। सड़क पर घुटनों तक भरे गंदे पानी के कारण न केवल वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि यहाँ से गुजरने वाले सैकड़ों स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी बड़ा संकट मंडरा रहा है।
थॉमस स्कूल के समीप सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। बारिश और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर तालाब जैसा नजारा है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे पैदल स्कूल आते-जाते हैं। गंदे पानी में गहरे गड्ढे होने के कारण किसी भी समय कोई बड़ी दुर्घटना या अनहोनी होने की प्रबल संभावना बनी रहती है। अभिभावकों में अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भारी चिंता है।
स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रबंधन ने कई बार इस समस्या से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया है, लेकिन अभी तक धरातल पर कोई समाधान नहीं निकल सका है। जल-भराव के कारण सड़क का ऊपरी हिस्सा भी तेजी से क्षतिग्रस्त हो रहा है।
क्षेत्रीय नागरिकों अर्शी रिजवी ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस मार्ग को अविलंब जल-भराव से मुक्त कराया जाए। नागरिकों का कहना है कि समस्या के स्थायी समाधान हेतु उचित जल निकासी की व्यवस्था की जाए ताकि स्कूली बच्चों और आम जनता को इस नारकीय स्थिति से मुक्ति मिल सके।





