पंचायत में सैकड़ों किसानों, मजदूरों और महिला शक्ति की रही भागीदारी
फतेहपुर। जनपद के अरविंद राइस मिल परिसर में किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) की महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, कार्यकर्ता, मजदूर एवं महिला शक्ति ने भाग लिया। पंचायत का नेतृत्व अजय सिंह उर्फ कल्लू भैया (मंडासराय) द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव रामदत्त मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याओं, अधिकारों और एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि किसान एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और अपने अधिकारों के लिए संगठित रहना जरूरी है। महापंचायत में संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों और नेताओं के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह गौर, जिला अध्यक्ष मधुसूदन तिवारी, युवा जिला अध्यक्ष अजय सिंह उर्फ कल्लू भैया, जिला महासचिव जितेंद्र त्रिपाठी, भिटौरा ब्लॉक अध्यक्ष शिवबाबू शर्मा, मलवां ब्लॉक अध्यक्ष मुशीर हुसैन नकवी तथा हंसवा ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डू यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
सभा में “जय जवान-जय किसान”, “किसान एकता जिंदाबाद” जैसे नारों के साथ किसानों ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। साथ ही संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल तालान के समर्थन में भी नारे लगाए गए और किसान नेता महात्मा महेंद्र सिंह टिकैत को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। महापंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए संगठन स्तर पर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया गया।





