मुंबई/छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की विभिन्न ऑनलाइन परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी आंदोलनरत अभ्यर्थियों को समर्थन देने का ऐलान किया है।
दीपके ने छात्रों से मुलाकात के बाद कहा कि वह और उनकी पार्टी इस लड़ाई में अभ्यर्थियों के साथ खड़े रहेंगे। CJP ने सरकार और आयोग को 24 सितंबर तक कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है। मांग पूरी नहीं होने पर पार्टी ने राज्यभर में अभ्यर्थियों के बीच जाकर आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी है।
किसका मांगा इस्तीफा?
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की मुख्य मांग MPSC के चेयरमैन विवेक भीमनवार और सचिव महेंद्र हरपाळकर के इस्तीफे की है। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं हो पा रही है।
छात्रों की प्रमुख मांगें
अभ्यर्थी कथित पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुणे समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन हो चुके हैं।
अब निगाहें 24 सितंबर की डेडलाइन पर हैं। यदि तब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो दीपके और CJP ने आंदोलन को राज्यव्यापी स्तर पर ले जाने की बात कही है।





