तीनो तहसील से शामिल हुए कलाकारों ने किया प्रतिभाग, प्रतिभागियों ने गीत संगीत और नृत्य के जरिए दी शानदार प्रस्तुति
महोबा। संस्कृति विभाग के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश पर्व हमारी संस्कृति हमारी पहचान के अंतर्गत वर्ष 2025-26 का संस्कृति उत्सव का आयोजन जिला सेवा योजन सभागर में किया गया। जहां पर तहसील कुलपहाड़, चरखारी और महोबा के कलाकारों ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने एकल लोक गायन, नृत्य, समूह गायन और एकल गायन प्रतियोगिताओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। तीनों तहसीलों से शामिल हुए प्रतिभागियों ने गीत संगीत और नृत्य के जरिए शानदार प्रस्तुति दी। एकल लोक गायन में तहसील कुलपहाड़ के चंदल राजपूत ने प्रथम, खुशबू ने द्वितीय और गायत्री ने तीसरा स्थान पाया।
तहसील चरखारी से लोक गायन एकल में सपना ने पहला, आकांशा ने दूसरा और अंजू ने तीसरा स्थान हासिल किया। तहसील महोबा में सुगम संगीत एकल में यशस्वी प्रथम, मानव विश्वकर्मा द्वितीय और श्रेयश उपाध्याय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सदर तहसील ने सुगम संगीत समूह में बावला ब्लाइंड स्टार ग्रुप ने प्रथम, गोल्टी एंड गु्रप ने द्वितीय और यशी एंड ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तहसील स्तरीय प्रतियोगिता में चयन होने के बाद प्रतिभागियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। जिला स्तरीय लोक गायन एकल प्रतियोगिता में गायत्री विश्वकर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि चंदन राजपूत ने दूसरा और खुशबू राजपूत तीसरे स्थान पर रही। विजयी प्रतिभागियों का मुख्य अतिथि ने मेडल ट्राफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि जिले में कला एवं संस्कृति की अपार संभावनाएं हैं। यहां के गुरूजनों ने कलाकारों को तराश कर ऊंचाई तक पहुंचाया है। संस्कृति उत्सव जैसे कार्यक्रम से कलाकारों का उत्साहवर्धन होता है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कमलेश सस्सेना ने कहा कि बुंदेलखंड की लोक संस्कृति की झलक संस्कृति उत्सव में देखने को मिली है, ऐसे आयोजनों से नवीन पीढ़ी को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. चित्रगुप्त ने कहा कि जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को 17 व 19 जनवरी को मंडल स्तर पर आयोजित मंडलीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में जयनारायण सोनी, सिद्ध गोपाल सेन, रामशरण, मेघा शक्ति और अमर सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस मौक पर शिवकुमार गोस्वामी, धर्मेंद्र दीक्षित, अंशिमा श्रीवास्तव, प्रद्युम्न नायक आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संगीताचार्य पंडित जगप्रसाद तिवारी ने किया।





