गोण्डा। जनपद में सड़क सुरक्षा एवं परिवहन नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न मार्गों पर संचालित यात्री बसों की सघन जांच कर परमिट की शर्तों एवं अन्य परिवहन नियमों के अनुपालन का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाई गई दो बसों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया गया। वहीं विभिन्न अनियमितताओं एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन के मामले में दो अन्य बसों का चालान किया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय ने बताया कि जनपद में सुरक्षित एवं व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित रूप से प्रवर्तन अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्री सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी वाहन संचालक को नियमों की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाले, बिना वैध अभिलेखों के वाहन संचालित करने वाले अथवा अन्य परिवहन नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपने वाहनों के अभिलेख अद्यतन रखने तथा निर्धारित नियमों एवं परमिट शर्तों का पूर्ण पालन करने की अपील की है, ताकि सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।





