घटना का संक्षिप्त विवरण-वादी मनोज यादव पुत्र विजय बहादुर यादव, निवासी ग्राम सरसी, थाना करौंदी कला, जनपद सुल्तानपुर द्वारा थाना गम्भीरपुर पर प्रार्थना-पत्र देकर अवगत कराया गया कि दिनांक 08.07.2026 की रात्रि में अज्ञात चोर द्वारा ग्राम रानीपुर रजमों स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पम्प पर निर्माण कार्य हेतु रखे लोहे के फर्मे चोरी कर लिए गए हैं। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना गम्भीरपुर पर मु0अ0सं0 170/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गई। विवेचना एवं साक्ष्य संकलन के दौरान चोरी की गई सामग्री की बरामदगी एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी के आधार पर अभियुक्त अंगद उर्फ गब्बर का नाम प्रकाश में आया।
थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विपिन कुमार द्विवेदी मय हमराह कांस्टेबल सूरज खरवार एवं पंकज कुमार सिंह क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं चोरी गई संपत्ति की तलाश में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रानीपुर रजमों स्थित पेट्रोल पम्प से चोरी किए गए लोहे के फर्मों को लेकर अभियुक्त अंगद उर्फ गब्बर पटेल ढाबा से हाईवे के रास्ते मोहम्मदपुर की ओर बेचने के उद्देश्य से जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी करते हुए अभियुक्त को मोहम्मदपुर के पास गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 03 अदद लोहे के फर्मे बरामद किए गए। अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।





