जलालपुर अम्बेडकरनगर कोतवाली परिसर में सर्राफा व्यापारियों व मूर्ति स्थापना समितियों के साथ हुई बैठक, सीओ ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
जलालपुर। आगामी धनतेरस और दीपावली त्योहार को देखते हुए शुक्रवार को जलालपुर कोतवाली परिसर में क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह की अध्यक्षता में सर्राफा व्यापारियों एवं मूर्ति स्थापना समितियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर में शांति, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह ने कहा कि धनतेरस और दीपावली के दौरान सर्राफा व्यापारियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।
यदि किसी व्यापारी को दुकान से घर या घर से बैंक तक धनराशि ले जाने में कोई असुविधा या खतरा महसूस होता है, तो वह निसंकोच पुलिस से सहायता मांग सकता है। पुलिस टीम पूरी जिम्मेदारी से व्यापारियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुँचाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर भीड़भाड़ के बीच सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस का गश्त बढ़ाया जाएगा और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात रहेगा।
क्षेत्राधिकारी ने मूर्ति स्थापना समितियों को निर्देशित किया कि किसी भी कार्यक्रम में दो से अधिक साउंड बॉक्स का प्रयोग न किया जाए। ध्वनि का स्तर सीमित रखा जाए ताकि लोगों को असुविधा न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में सौहार्द और अनुशासन बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनज़र नगर की यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष योजना तैयार की गई है।
धनतेरस और दीपावली के दौरान नगर में बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जिससे बाजारों में भीड़ के बीच लोगों को कोई परेशानी न हो। साथ ही नगर के प्रमुख बाजारों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। बैठक में उपस्थित व्यापारियों और समिति सदस्यों ने नगर की अन्य समस्याओं जैसे ढीले विद्युत तारों, खराब सड़कों और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था पर भी चर्चा की और प्रशासन से आवश्यक सुधार की मांग की।
बैठक में भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप गुप्ता, आनंद जायसवाल, शत्रुघ्न सोनी, सुरेंद्र सोनी, मानिकचंद सोनी, दुर्गेश उपाध्याय, कपूर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, समिति सदस्य और नगर के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। क्षेत्राधिकारी ने अंत में सभी से अपील की कि त्योहारों पर शांति, सौहार्द और स्वच्छता बनाए रखें तथा पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग करें, ताकि नगर में त्योहार सुरक्षित और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।





