रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने एक शख्स की मदद से राशिद खान जैसे दिग्गज स्पिनर्स का तोड़ निकाला और शानदार प्रदर्शन किया। पाटीदार की अनसुनी कहानी जानें।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से मात देकर अपने आईपीएल खिताब की रक्षा की। आरसीबी के आईपीएल खिताब जीतने की कई वजहें हैं, जैसे – मजबूत टीम कल्चर, रणनीतिक स्पष्टता और निडर क्रिकेट।
हालांकि, इस अभियान के दौरान एक अनसुनी कहानी भी रही, जिसकी मदद से कप्तान रजत पाटीदार अपने खेल को सुधार पाए और दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ सफलता प्राप्त कर सके। पाटीदार ने आईपीएल 2026 में 15 मैचों में 41.75 की औसत और 192.69 के स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए। पाटीदार ने 5 अर्धशतक जमाए। आईपीएल 2026 में उन्होंने 42 छक्के और 30 चौके जमाए।
पाटीदार ने जो 42 छक्के जमाए, उसमें से 27 सिक्स उन्होंने तेज गेंदबाजों की गेंदों पर जड़े। आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर में रजत पाटीदार ने 93 रन की अपनी पारी में 9 छक्के लगाए थे। मगर इसमें से सात छक्के उन्होंने तेज गेंदबाजों की गेंदों पर जमाए थे। इसके बावजूद पाटीदार का मानना है कि उन्होंने अपनी बल्लेबाजी में सबसे बड़ा सुधार स्पिनर्स के खिलाफ किया।
रजत पाटीदार ने क्या कहा
लोग कहते हैं कि मैं स्पिन के खिलाफ बेहतर खेलता हूं। मगर ईमानदारी से कहूं तो उनके हाथों से गेंद को भांप पाया क्योंकि हमारे एनालिस्ट फ्रेडी विल्डे की मदद मिली। इसका श्रेय विल्डे को जाता है। उन्होंने मेरी काफी मदद की। आईपीएल में चार या पांच बार, मैंने फ्रेडी को कॉल किया। मुझे राशिद, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती जैसे दिग्गज गेंदबाजों के वीडियो की जरुरत थी। मैं उनकी गेंदों में फर्क जानना चाहता था और साथ ही पता करना चाहता था कि उनकी गेंद का आकलन करके कहां शॉट खेलूं। इसमें फ्रेडी की काफी मदद मिली।
-रजत पाटीदार, आरसीबी के कप्तान
डाटा पर पूरा ध्यान नहीं
आरसीबी के क्रिकेट निदेशक मो बोबट ने फ्रेंचाइजी के फैसले लेने की सोच और फ्रेडी विल्डे के प्रभाव को समझाया। मो ने कहा, ‘हम ज्यादा डाटा पर ध्यान नहीं देते। मगर जो हम शेयर करते हैं, वो सबूत आधारित होता है, जिस पर फैसला लिया जा सके। अगर आपको अपने फैसले का समर्थन करने के लिए सबूत की जरुरत है तो आपके पास जो डाटा उपलब्ध है, उस पर आप ध्यान दे सकते हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘विल्डे के प्रभाव से हमें नीलामी की तैयारी में मदद मिलती है। स्क्वाड तैयार करना, रणनीतिक योजना और खिलाड़ी के विकास में मदद मिलती है। पाटीदार के लिए यह समर्थन स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ ज्यादा कामयाब रहा और दबाव में उन्हें फैसला लेने की स्पष्टता मिली।’





