‘धुरंधर 2: अनदेखा और रॉ’ अंदाज के साथ OTT प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने वाली है। हालांकि, उससे पहले मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर अपना आखिरी दांव खेला है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ इस साल 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की स्पाई थ्रिलर फिल्म का 4 जून को OTT प्लेटफॉर्म पर ग्रैंड प्रीमियर होने वाला है, लेकिन उसके बावजूद भी बॉक्स ऑफिस पर से फिल्म टस से मस होने का नाम नहीं ले रही है।
धुरंधर 2 को सिनेमाघरों में लगे हुए तकरीबन 76 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन अब भी फिल्म कई नए रिकॉर्ड अपने नाम लिख रही है। स्पाई थ्रिलर फिल्म अब घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कौन सा रिकॉर्ड बनाने जा रही है, चलिए आपको बताते हैं।
एक और नए रिकॉर्ड की तरफ बढ़ चुकी है धुरंधर 2
रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म की कमाई छठे हफ्ते के बाद भले ही लाखों में आ गिरी, लेकिन अभी तक मूवी का खाता पूरी तरह से बंद नहीं हुआ है। इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 75 दिनों के अंदर कुल 1148 .76 करोड़ की कमाई की थी। अब फिल्म का 76वें दिन का रिजल्ट भी सामने आ चुका है।
सैकनिल्क डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म ने 76वें दिन इंडिया में कुल 239 शोज से 10 लाख रुपए तक का कलेक्शन किया है। मूवी का 76 दिनों में टोटल कलेक्शन 1148.88 करोड़ तक पहुंच चुका है और यह अब 1150 का रिकॉर्ड बनाने से बस 1.12 करोड़ की दूरी पर है।
हर हफ्ते ‘धुरंधर 2’ का कुल हुआ इतना कलेक्शन
रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर फिल्म ने जहां पहले हफ्ते के अंत तक कुल 674.17 करोड़ का बिजनेस किया था, तो वहीं फिल्म ने दूसरे वीक में कुल 263.65 करोड़ रुपए कमाए थे, जिसके बाद घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कमाई 840.20 करोड़ तक पहुंच गई थी। तीसरे हफ्ते में ‘धुरंधर 2’ के मेकर्स के खाते में कुल 110.60 करोड़ रुपए आए थे, जिसके बाद इस फिल्म ने 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था और हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई थी।
जब ‘धुरंधर 2’ अपने चौथे हफ्ते में थी, ठीक उसी समय अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की मूवी भूत बंगला ने बॉक्स ऑफिस पर दस्तक दी थी, लेकिन इसके बावजूद रणवीर की फिल्म मजबूती से बनी रही और चौथे हफ्ते में मूवी ने 54.70 करोड़ का कलेक्शन किया। पांचवें हफ्ते के खत्म होने के साथ ही मूवी 1100 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी थी।
OTT पर रिलीज के लिए तैयार ‘धुरंधर 2’
रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2’ अब अपने ‘अनदेखा और रॉ’ अंदाज के साथ OTT प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने के लिए बिल्कुल तैयार है। 4 जून को इस फिल्म का ग्रैंड प्रीमियर होगा और 5 जून को जियो हॉटस्टार (Jio Hotstar) पर यह मूवी रिलीज कर दी जाएगी।





