Friday, May 15, 2026
spot_img
HomeUttar PradeshGorakhpurरविवार को मिल जाएगी दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग की सौगात

रविवार को मिल जाएगी दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे लोकार्पण, पांडेयहाता में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास भी होगा

महानगर के व्यस्ततम इलाके घंटाघर में योगी सरकार ने बनवाया है मल्टीलेवल पार्किंग

27.26 करोड़ रुपये आई है लागत, मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स में 43 दुकानदारों को कारोबारी ठौर भी मिलेगा

गोरखपुर । गोरखपुर महानगर को रविवार (5 अप्रैल) को दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग का उपहार मिल जाएगा। यह मल्टीलेवल पार्किंग शहर के व्यस्ततम समझे जाने वाले घंटाघर क्षेत्र में बना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इसे एक कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया गया है जहां कुल 43 दुकानदारों को कारोबारी ठौर भी मिलेगा। रविवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर उनके हाथों घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण और विरासत गलियारा पांडेयहाता में बनने वाले नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन-शिलान्यास भी होगा।

शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र घंटाघर में आमजन के लिए सुगम आवागमन और व्यापारियों को सहज कारोबारी गतिविधियों को संचालित करने के लिए नगर निगम की तरफ से शहीद बंधु सिंह पार्क में करीब 1540 वर्गमीटर क्षेत्रफल में ‘मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स’ का निर्माण कराया गया है। इसके निर्माण पर 27.26 करोड़ रुपये की लागत आई है। कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में 26 कारों, द्वितीय तल पर 24 और छत पर 200 दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी।

जबकि भूतल पर 21 तथा प्रथम तल पर 22 दुकानों और पुरुष/महिला शौचालय का निर्माण हुआ है। भूतल पर ही करीब 220 वर्गमीटर क्षेत्र में शीतला माता मंदिर अवस्थित रहेगा। कॉम्प्लेक्स में दोनों तरफ सीढ़ियों और दो लिफ्ट की व्यवस्था है। यह गोरखपुर शहर का दूसरा मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स होगा। गोलघर में एक मल्टीलेवल पार्किंग पहले से संचालित है।

घंटाघर इलाके में कारोबार और जीवन सुगमता के लिहाज से मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। घंटाघर क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख कारोबारी इलाकों में शुमार है। यहां न केवल गोरखपुर बल्कि आसपास के अन्य जिलों, बिहार और नेपाल के सीमाई इलाकों के लोग और कारोबारी खरीदारी करने आते हैं। पुरानी बसावट होने के कारण इस क्षेत्र की सड़कें ट्रैफिक लोड के हिसाब से संकरी थीं।

हालांकि धर्मशाला बाजार से पाण्डेयहाता तक विरासत गलियारा का निर्माण पूर्ण होने के बाद सड़कें चौड़ी हो जाएंगी। सड़क चौड़ीकरण के साथ ही सीएम योगी के विजन से घंटाघर में जाम की समस्या के निजात के लिए मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया गया है। मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण से घंटाघर, माया बाजार, हिंदी बाजार आदि प्रमुख बाजारों में पार्किंग की समस्या दूर होगी। साथ ही, यहां लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी

पांडेयहाता विरासत गलियारा में बनेगा कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, सीएम करेंगे शिलान्यास

योगी सरकार पांडेयहाता विरासत गलियारा में व्यापारियों के लिए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनवाने जा रही है। इसमें सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस कॉम्प्लेक्स के निर्माण पर 36.47 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था होगी जबकि भूतल से लेकर तृतीय तल मिलाकर कुल 65 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। रविवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular