डीएम ने महोबा-कबरई की महत्वपूर्ण सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के NHAI के अधिकारियों को दिए निर्देश
महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में उद्योग तथा व्यापार बंधु की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने उद्यमियों द्वारा बताई गई समस्याओं का समाधान करने, खराब सड़को की मरम्मत, जलापूर्ति तथा पड़ोसी राज्य से उपखनिजों के अवैध परिवहन को रोकने तथा नए खनिज चेकपोस्ट बनाने आदि जैसे प्रकरणों पर प्रभावी कार्यवाही करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। जिसमें महत्वपूर्ण सड़क महोबा-कबरई की तत्काल मरम्मत कराने के लिए NHAI के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
बैठक में औद्योगिक संगठन के प्रतिनिधियों द्वारा औद्योगिक इकाइयों के समीप आवासीय भूखंडों की रजिस्ट्री होने, स्टोन क्रशिंग उद्योग के भंडार लाइसेंस से चरित्र प्रमाण पत्र की अनिवार्यता समाप्त किए जाने तथा कबरई कस्बे के मध्य से नो एंट्री के समय ट्रकों के गुजरने का प्रकरण भी प्रस्तुत किया गया। जिस पर जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों को यथोचित दिशा निर्देश दिए। बैठक का समन्वय उपायुक्त उद्योग तथा उपायुक्त राज्य कर द्वारा किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, उप जिलाधिकारी सदर शिवध्यान पांडे तथा अन्य संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी व उद्यमी तथा व्यापारी संगठन की तरफ से देवेंद्र मिश्रा, बाल किशोर द्विवेदी, श्री रघुराज सिंह, भागीरथ नगाइच, राम जी गुप्ता, सेवक चंद्र इत्यादि द्वारा प्रतिभाग किया गया।





