आजमगढ़ l 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं सम्पादित हो रहे योग सप्ताह के अन्तर्गत जनपदीय मुख्य कार्यक्रम महर्षि चंद्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी में कार्यक्रम को सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत तैयारियों का जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने योग कार्यक्रम स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का जनआंदोलन है। इसलिए कार्यक्रम के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु शासन द्वारा जनपद आजमगढ़ हेतु महर्षि चन्द्रमा ऋषि आश्रम स्थल पर मा0 कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान एवं राजकीय श्री दुर्गा जी होम्योपैथिक कालेज एवं अस्पताल चण्डेश्वर पर नोडल अधिकारी जीएस नवीन कुमार, (आईएएस) सदस्य (न्यायिक), राजस्व बोर्ड व भूमि अधिग्रहण निदेशक यूपी को नामित किया गया है।
जिनकी गरिमामयी उपस्थिति व कुशल मार्गदर्शन मंे अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस सफलतापूर्वक सम्पन्न होगा। जनपद के समस्त 22 विकास खण्डों में भी योग प्रशिक्षकों द्वारा जनमानस को सामुहिक योगाभ्यास कराया जायेगा। साथ ही समस्त तहसील, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों में भी भव्यता के साथ सामुहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित होगा।





