अमेठी।थाना क्षेत्र बाजार शुकुल अंतर्गत मंगलवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर एक किशोरी गांव के बाहर लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब चार घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने उसके प्रेमी किशोर को मौके पर बुलाया। किशोर के टावर पर पहुंचने के बाद दोनों साथ नीचे उतर आए।जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।घटना के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही।मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब चार बजे किशोरी गांव के बाहर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। जानकारी मिलते ही थाना पुलिस के साथ मुसाफिरखाना से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीण लगातार उसे समझाकर नीचे उतारने का प्रयास करते रहे लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब कुछ लोगों ने टावर पर चढ़कर उसे उतारने की कोशिश की तो उसने छलांग लगाने की चेतावनी दी। इसके बाद कोई भी उसके पास जाने का साहस नहीं कर सका।
इसी दौरान उसने टावर से एक अंगूठी नीचे फेंकी जिस पर अंग्रेजी का ‘जी अक्षर अंकित था। पूछने पर उसने बताया कि वह एक किशोर से प्रेम करती है लेकिन परिजन दोनों के रिश्ते का विरोध कर रहे हैं। उसने साफ कहा कि जब तक किशोर मौके पर नहीं आएगा वह नीचे नहीं उतरेगी अन्यथा जान दे देगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड ने टावर के नीचे एयर बैग टेंट रजाई और गद्दों की व्यवस्था कर दी ताकि किसी अप्रिय स्थिति में घटना से बचा जा सके। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी जब किशोरी नहीं मानी तो पुलिस ने संबंधित किशोर को मौके पर बुलाया। किशोर टावर पर चढ़ा और दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद दोनों सुरक्षित नीचे उतर आए। इसके साथ ही करीब चार घंटे से चल रहा घटनाक्रम समाप्त हुआ। एसओ विवेक वर्मा ने बताया कि दोनों के परिजनों को बुलाया।परिजनों से बातचीत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





