6 जुलाई तक चलेगा विशेष सदस्यता अभियान
सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवधि में जनपद की सहकारी समितियों, मत्स्य सहकारी समितियों एवं डेयरी सहकारी समितियों के माध्यम से सदस्यता अभियान चलाकर किसानों को सहकारिता से जोड़ने के साथ विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता आर.के. प्रभाकर ने जनपद के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में सहकारी समितियों की सदस्यता ग्रहण करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सहकारिता से जुड़कर किसान विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण, निर्धारित दरों पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों की उपलब्धता सहित अन्य सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। सहकारिता सप्ताह के दौरान समितियों में किसानों को इन योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने किसानों से अपने निकटवर्ती सहकारी समिति से संपर्क कर सदस्यता ग्रहण करने तथा सहकारिता विभाग की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।





