HomeMarqueeयूपी-टीईटी 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम ने दिए नकलविहीन परीक्षा...

यूपी-टीईटी 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम ने दिए नकलविहीन परीक्षा के निर्देश

2, 3 और 4 जुलाई को जिले के सात केंद्रों पर होगी परीक्षा, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट को व्यवस्थाएं परखने के निर्देश

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी)- 2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, शुचिता और आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप संपन्न कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि परीक्षा से पूर्व अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर पेयजल, फर्नीचर, प्रकाश व्यवस्था, पंखे, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर लें। जिन केंद्रों पर व्यवस्थाएं अधूरी हैं, उन्हें तत्काल पूरा कराया जाए।

जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच समय रहते सुनिश्चित की जाए। साथ ही आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कक्ष निरीक्षकों एवं संबंधित कर्मचारियों का प्रशिक्षण समय पर पूरा कराया जाए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि अभ्यर्थियों का प्रवेश आयोग की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ही कराया जाए। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व सभी परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली जाए तथा महिला अभ्यर्थियों की तलाशी केवल महिला कर्मचारियों द्वारा ही कराई जाए।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि यूपी-टीईटी-2026 की परीक्षा 2 एवं 3 जुलाई को दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी। प्रथम पाली के लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7:15 बजे से 8:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 12:15 बजे से 1:45 बजे तक होगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी सदर, खागा एवं बिंदकी, अपर उपजिलाधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी, आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा परीक्षा से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular