प्रमाणपत्र एवं पुस्तकों से हुए सम्मानित
इटावा। भारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत ट्रस्ट(INTACH)के युवा एवं बाल प्रभाग यंग इंटैक (Young INTACH) द्वारा आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में सुदिति ग्लोबल एकेडमी के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।इस उपलब्धि पर सभी विजयी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र,पोस्टकार्ड तथा प्रेरणादायी पुस्तकें पुरस्कार स्वरूप प्रदान कर सम्मानित किया गया।दिसंबर 2025 में आयोजित”टैलेंट ट्री”कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वृक्षों के पर्यावरणीय एवं औषधीय महत्व,जैव विविधता तथा विलुप्त होती वनस्पतियों के संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना था।प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र सुजीत शर्मा (कक्षा 8),उज्ज्वल वर्मा (कक्षा 8),सार्थक यादव(कक्षा 9), फरहान(कक्षा 9),उत्कर्ष यादव(कक्षा 9), राघवेंद्र यादव(कक्षा 10),करुणा शंकर (कक्षा 10),अनुज राजपूत(कक्षा 10), कृष्ण यादव(कक्षा 10)तथा अभिराज (कक्षा 12)को उत्कृष्ट सहभागिता के लिए संस्था द्वारा प्रमाणपत्र एवं पोस्टकार्ड प्रदान किए गए।इसके अतिरिक्त अप्रैल से जून 2026 तक आयोजित”India’s Market Mosaic” प्रतियोगिता का उद्देश्य भारत की ऐतिहासिक,सांस्कृतिक,कलात्मक एवं व्यापारिक विरासत के प्रति युवाओं में जागरूकता विकसित करना था। प्रतियोगिता में विद्यालय के ऐश्वर्य सिंह (कक्षा 10),यशराज सिंह(कक्षा 8), जियाद अहमद(कक्षा 12)एवं प्रिय रंजन (कक्षा 12)ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यंग इंटेक संस्था द्वारा उन्हें प्रमाणपत्र, पोस्टकार्ड तथा महत्वपूर्ण पुस्तकें पुरस्कार स्वरूप भेंट कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यंग इंटैक, INTACH का एक महत्वपूर्ण युवा प्रभाग है,जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की प्राकृतिक,ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना तथा उसके संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है।उन्होंने कहा कि हेरिटेज क्लब, विरासत भ्रमण,रचनात्मक कार्यशालाएँ, प्रश्नोत्तरी,शैक्षिक फिल्में तथा अध्ययन सामग्री जैसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों के बौद्धिक,रचनात्मक एवं नैतिक विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में शोध, पर्यावरण संरक्षण,सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करते हैं,जो समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी है।इन कार्यक्रमों को सफल बनाने में जूनियर विंग की समन्वयक श्रीमती अंशु दीक्षित, सामाजिक विज्ञान शिक्षिका श्रीमती शांति देवी तथा सीनियर विंग के सामाजिक विज्ञान शिक्षक सुनील कुमार,नरेंद्र एवं फाइन आर्ट शिक्षिका श्रीमती रिचा यादव का विशेष योगदान एवं मार्गदर्शन सराहनीय रहा।





