HomeMarqueeपुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर शाहनवाज उर्फ साहिल गिरफ्तार, पैर में लगी गोली,...

पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर शाहनवाज उर्फ साहिल गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, साथी फरार

जहरखुरानी सहित 28 मुकदमे हैं दर्ज हिस्ट्रीशीटर के विरुद्ध

फतेहपुर। थाना कल्यानपुर पुलिस ने शुक्रवार तड़के हुई मुठभेड़ में दो दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित हिस्ट्रीशीटर अपराधी शाहनवाज उर्फ साहिल को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं उसका साथी फिरोज मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।

पुलिस के अनुसार, कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बिंदकी रोड स्थित दादन खेड़ा मोड़ के पास संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में शाहनवाज उर्फ साहिल पुत्र मंसूर निवासी ग्राम विसहिया, थाना हथिगवा, जिला प्रतापगढ़ घायल हो गया, जबकि उसका साथी फिरोज निवासी ग्राम करारी, थाना करारी, जिला कौशांबी फरार हो गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा दो हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि शाहनवाज उर्फ साहिल थाना कल्यानपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 131/2026 एवं 136/2026 (धारा 123 एवं 303(2) बीएनएस) में वांछित था। उसके विरुद्ध फतेहपुर सहित अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट एवं अन्य गंभीर अपराधों से संबंधित दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कर रही है। थाना कल्यानपुर पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान साहिल उर्फ शाहनवाज निवासी ग्राम विसहिया, थाना हथिगवा, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी। वह कानपुर के बस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन के आसपास यात्रियों को सस्ते किराए पर बोलेरो से गंतव्य तक छोड़ने का झांसा देकर अपनी गाड़ी में बैठाता था। रास्ते में वह यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर अचेत या अर्धचेतन कर देता और उनके मोबाइल फोन, नकदी, एटीएम कार्ड व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था।

उन्होंने बताया कि जहरखुरानी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान अभियुक्त और उसकी बोलेरो गाड़ी की पहचान हुई, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही अभियुक्त ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी फिरोज निवासी करारी, जनपद कौशांबी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, अवैध तमंचा 315 बोर, कारतूस, नकदी, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान बरामद किया गया है।

एसपी ने बताया कि साहिल उर्फ शाहनवाज के विरुद्ध फतेहपुर सहित अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, जहरखुरानी और अन्य गंभीर अपराधों के करीब 28 मुकदमे दर्ज हैं। वह हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular