उरई (जालौन)।स्थानीय तहसील सभागार में तहसील क्षेत्र की छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा के स्तर को सुधारने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम रिंकू सिंह राही (IAS) एवं शिक्षाविद् डॉ नितिन मित्तल शामिल रहे।
जिन्होंने छात्राओं के साथ सीधे संवाद कर शिक्षा से संबंधित उनके अनुभवों, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। संवाद के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही ने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आज के दौर में बेटियां हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को समय प्रबंधन, कड़ी मेहनत और प्रशासनिक सेवाओं सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बहुमूल्य टिप्स दिए।
एसडीएम ने छात्राओं के सवालों के आत्मीयता से जवाब दिए और उनकी झिझक दूर कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र के प्रत्येक गांव में वाचनालय एवं खेल का मैदान की व्यवस्था पूरी की जाएगी,इसके साथ ही नगर में अभ्युदय कोचिंग प्रारम्भ करने के लिया आश्वस्त किया जिससे मेधावी छात्राएं अपने भविष्य के सपनों को पूरा कर सकें।
इस विशेष अवसर पर नगर के शिक्षाविद डॉ. नितिन मित्तल ने कहा कि शिक्षा के बदलते परिवेश और आधुनिक समाज में बालिकाओं की शिक्षा की अनिवार्यता पर अपने विचार रखे। डॉ. मित्तल ने कहा कि समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है जब हमारी बेटियां उच्च शिक्षित और आत्मनिर्भर होंगी।
“आर्थिक तंगी या कोई भी अन्य बाधा किसी भी मेधावी छात्रा के सपनों को नहीं रोकनी चाहिए एवं उन्होंने कहा कि नगर की समस्त छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आने वाली किसी भी रुकावट के लिए मैं हमेशा उपलब्ध हूँ।”
तहसील सभागार में आयोजित इस गरिमामयी वार्ता में तहसील क्षेत्र की लगभग एक सैकड़ा छात्राओं ने भाग लिया। प्रशासनिक अधिकारी और प्रतिष्ठित शिक्षाविद को अपने बीच पाकर छात्राएं बेहद उत्साहित नजर आईं। छात्राओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के संवाद से उनका खोया हुआ आत्मविश्वास वापस लौटता है और आगे बढ़ने की नई राह मिलती है।





