लोगों से मिलकर सुन रहीं समस्याएं, मानसून सत्र में प्रमुख मुद्दे उठाने का दिया भरोसा
फतेहपुर। समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक ऊषा मौर्य का जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है। विधायक गांव-गांव और मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुन रही हैं। इसके साथ ही अपने जनसंपर्क कार्यालय में जनसुनवाई करती नजर आ रही हैं। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
जनसंपर्क के दौरान विधायक ऊषा मौर्य ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी मानसून सत्र में मजबूती के साथ उठाया जाएगा, ताकि शासन स्तर पर उनका प्रभावी समाधान कराया जा सके। विधायक ने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से जानना जनप्रतिनिधि का दायित्व है। इसी उद्देश्य से वह लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों से मुलाकात कर रही हैं। उन्होंने अधिकारियों से भी जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण की अपेक्षा जताई।
इसी कड़ी में विधायक ऊषा मौर्य अपने जनसंपर्क कार्यालय पर भी जनता दर्शन और जनसुनवाई के माध्यम से जनता से संवाद करती नजर आती हैं। जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विधायक का स्वागत किया और विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया। क्षेत्रवासियों ने विधायक के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि उनका लगातार क्षेत्र में आना और लोगों से सीधे संवाद करना जनप्रतिनिधि की सक्रियता को दर्शाता है। जनसंपर्क कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।





