Thursday, May 14, 2026
spot_img
HomeBusinessRupee Fall: रुपया सात पैसे टूटकर 95.73 प्रति डॉलर के नए सर्वकालिक...

Rupee Fall: रुपया सात पैसे टूटकर 95.73 प्रति डॉलर के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर, पढ़ें पूरी खबर

Rupee Fall: अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.73 के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ। मजबूत डॉलर, उच्च ऊर्जा कीमतों और पश्चिम एशिया संकट जैसी चिंताओं के कारण घरेलू मुद्रा में यह गिरावट आई।

Rupee Fall: अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले और कमजोर होकर रिकॉर्ड निचले स्तर 95.73 (अस्थायी) पर रहा। मजबूत अमेरिकी डॉलर और ऊंची ऊर्जा कीमतों के कारण बढ़ती मुद्रास्फीति की चिंताओं के बीच घरेलू मुद्रा में यह गिरावट आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि मुद्रास्फीति की चिंताओं और वैश्विक बाजार में डॉलर की मजबूती के कारण रुपये में कमजोर रुख बना रह सकता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी से भारत के कच्चे तेल आयात पर असर पड़ा है। कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि से ईंधन आयात भी महंगा हो गया है।

कारोबारियों के अनुसार, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, मजबूत डॉलर और पश्चिम एशिया संकट को लेकर चिंताओं के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है, जिससे रुपया इस वर्ष एशिया की सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बन गया है। इस साल अब तक इसमें छह प्रतिशत से अधिक की गिरावट आ चुकी है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.74 पर कमजोर खुला। दिनभर उतार-चढ़ाव वाले कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 95.61 के उच्च स्तर और 95.96 के सर्वकालिक निचले स्तर तक गई। अंत में रुपया 95.73 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से सात पैसे की गिरावट है।

बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.80 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक पहुंच गया था और अंत में 95.66 पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, “मुद्रास्फीति की चिंताओं और मजबूत डॉलर के कारण रुपये में नकारात्मक रुख बने रहने की उम्मीद है।

अमेरिका में बढ़ती मुद्रास्फीति से फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ी है।” उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव तथा विदेशी कोषों की निकासी भी रुपये पर दबाव बना सकती है। हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप और सोने-चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाए जाने जैसे कदम निचले स्तर पर रुपये को कुछ समर्थन दे सकते हैं।

चौधरी ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.50 से 96.10 के दायरे में रह सकता है। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत गिरकर 98.51 पर कारोबार कर रहा था। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.50 प्रतिशत बढ़कर 106.16 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 789.74 अंक चढ़कर 75,398.72 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 277 अंक बढ़कर 23,689.60 अंक पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को शुद्ध रूप से 4,703.15 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular