रोहित शर्मा का वनडे वर्ल्ड कप-2027 में खेलना काफी मुश्किल लग रहा है। हालांकि, रोहित इसके लिए बहुत मेहनत कर रहे हैं। भारत के एक पूर्व कप्तान का मानना है कि अगर रोहित फिट हैं और फॉर्म में हैं तो फिर उन्हें खेलना चाहिए।
भारत को दो आईसीसी ट्रॉफी दिलाने वाले कप्तान रोहित शर्मा का अगले साल वनडे वर्ल्ड कप में खेलना पक्का नहीं है। चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और कोच गौतम गंभीर रोहित और विराट कोहली की जगह को कंफर्म नहीं बता रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में ये तो ये तक बता दिया गया है कि ये दोनों रोहित-विराट को वर्ल्ड कप में नहीं चाहते। हालांकि, भारत के पूर्व कप्तान और चीफ सेलेक्टर दिलीप वेंगसरकर ने कहा है रोहित वर्ल्ड कप खेल सकते हैं।
रोहित की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप-2024 जीता था। इसके बाद उनकी ही कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी-2025 अपने नाम की। इसके बाद से ही रोहित और कोहली की टीम इंडिया में जगह पर खतरा मंडरा रहा है। पिछले साल मई में दोनों ने टेस्ट को अलविदा कहा था। टी20 इंटरनेशनल को तो दोनों 2024 में ही छोड़ चुके थे।
कर्नल ने दिया बयान
वेंगसरकर का मानना है कि रोहित महान खिलाड़ी हैं और क्रिकेट में फॉर्म और फिटनेस मायने रखती है। वेंगसरकर ने हिन्दुस्तान टाइम्स से बात करते हुए कहा, “मैंने उन्हें आईपीएल में नहीं देखा है, लेकिन वह महान खिलाड़ी हैं। हर महान खिलाड़ी अपने प्रदर्शन, मैच जिताने और भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करन को लेकर गर्व महसूस करता है। वह विश्व के बेस्ट खिलाड़ियों में से एक हैं।”
कर्नल के नाम से मशहूर वेंगसरकर ने कहा, “उनकी टेक्निक, स्किल लेवल, टेम्परामेंट और अपने दम पर मैच जिताने की क्षमता शानदार है। क्रिकेट में फॉर्म और फिटनेस मायने रखती है। उम्र कोई पैमाना नहीं होती। अगर आप फॉर्म में हैं और फिट हैं, मुझे यकीन है कि वह खेलेंगे।”
रोहित ने फिटनेस पर किया काम
रोहित ने अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है और ये उनको देखकर दिखता है। रोहित जानते हैं कि सेलेक्टर्स और कोच नहीं चाहते कि वह वर्ल्ड कप खेलें और इसके पीछे वह फिटनेस को बहाना बना सकते हैं। इसलिए रोहित ने अपनी फिटनेस पर जमकर काम किया है। बस चिंता उनकी फॉर्म की है। अगर एक सीरीज बेकार गई तो रोहित का वर्ल्ड कप खेलने का सपना टूट सकता है।





