HomeMarqueeजिला विद्युत समिति की बैठक में बिजली योजनाओं की समीक्षा, जनप्रतिनिधियों ने...

जिला विद्युत समिति की बैठक में बिजली योजनाओं की समीक्षा, जनप्रतिनिधियों ने उठाईं उपभोक्ताओं की समस्याएं

फतेहपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला विद्युत समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में सांसद नरेश चंद्र उत्तम पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विद्युत योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े बिजली संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

बैठक के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बिजनेस प्लान वर्ष 2023-24, 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27, आरडीएसएस, यूईएचएच तथा अन्य विद्युत योजनाओं की वर्तमान स्थिति और प्रगति से सांसद, विधायकगण एवं जिलाधिकारी को अवगत कराया। अधिकारियों ने योजनाओं के तहत कराए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए आगामी कार्ययोजना भी प्रस्तुत की।

समीक्षा के दौरान सांसद नरेश चंद्र उत्तम एवं उपस्थित विधायकगणों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, लो-वोल्टेज, ट्रांसफार्मर खराब होने तथा अन्य विद्युत समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए अधिकारियों को इनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस पर अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण खंड, फतेहपुर ने आश्वस्त किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा तथा विद्युत व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में अधीक्षण अभियंता ने निजी नलकूप संचालकों को बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए अपने नलकूपों पर क्षमता के अनुरूप कैपेसिटर बैंक लगाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि कैपेसिटर लगाने से वोल्टेज स्थिर रहता है, जिससे मोटर के बार-बार ट्रिप होने या जलने की संभावना कम हो जाती है।

साथ ही कम वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने के कारण सिंचाई कार्य भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा। बैठक में विद्युत व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं उपभोक्ता हितैषी बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा विभागीय अधिकारियों को सभी योजनाओं के कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular