गोण्डा। जिला मुख्यालय में जिलाधिकारी आवास से चंद कदम की दूरी पर, पूर्व विधायक नंदिता शुक्ला के आवास के सामने विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। यहां विद्युत तारों पर घास-फूस, बेलें और जंगली झाड़ियां बड़ी मात्रा में लिपटी हुई हैं, जिससे आए दिन शॉर्ट सर्किट, स्पार्किंग और चिंगारियां निकलने की घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को मौखिक, टेलीफोनिक तथा शिकायत के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक न तो कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचा और न ही तारों पर लिपटी झाड़ियों की सफाई कराई गई। लोगों का आरोप है कि विभाग की उदासीनता के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि यदि किसी कारणवश बिजली का तार टूटकर नीचे गिर गया तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। लोगों ने यह भी कहा कि जनपद में विद्युत लाइनों से जुड़े हादसे आए दिन सामने आते रहते हैं, इसके बावजूद अंबेडकर चौराहा विद्युत उपकेंद्र के जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा हो। उन्होंने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर तारों पर लिपटी झाड़ियों की सफाई कराने तथा संभावित दुर्घटना से पहले आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।





