प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार छात्रों से ‘परीक्षा पे चर्चा’ में नए अंदाज में संवाद करेंगे। वे तनाव मुक्त परीक्षाओं के साथ-साथ चुनौतियों का सामना करने, संतुलन बनाने और आत्मविश्वास बढ़ाने के व्यावहारिक सुझाव देंगे। यह चर्चा देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर, गुवाहाटी और दिल्ली में आयोजित हुई थी, जिसका प्रसारण 6 फरवरी को सुबह 10 बजे होगा। पीएम मोदी ने इसे ताजगी भरा और प्रेरणादायक बताया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस बार कुछ नए अंदाज में छात्रों से ‘परीक्षा पे चर्चा’ करते हुए दिखेंगे। इस दौरान वह छात्रों को न सिर्फ तनाव मुक्त परीक्षाओं का मंत्र देते दिखेंगे, बल्कि उन्हें चुनौतियों से पार पाने, संतुलन बनाए रखने और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए व्यावहारिक सुझाव देते भी दिखेंगे। चर्चा का आयोजन इस बार देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर, गुवाहाटी और दिल्ली के सात लोक कल्याण मार्ग में आयोजित की गई थी, जिसमें छात्रों ने पीएम के साथ खुलकर अपने विचार साझा किए।
पीएम मोदी की छात्रों के साथ हुई इस चर्चा का प्रसारण छह फरवरी को सुबह दस बजे किया जाएगा। पीएम मोदी ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए छात्रों के साथ हुई परीक्षा पे चर्चा की जानकारी साझा की। साथ ही उन्होंने इस चर्चा को ताजगी भरा और प्रेरणादायक भी बताया। उन्होंने छात्रों के उत्साह और खुलेपन की जमकर सराहना की। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘जैसे-जैसे परीक्षाएं निकट आ रही है, परीक्षा पे चर्चा भी वापस आ गया है।
इस बार देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर, गुवाहाटी और दिल्ली के सात लोक कल्याण मार्ग में एग्जाम वॉरियर्स के साथ चर्चा हुई। हमेशा की तरह अपने युवा दोस्तों से परस्पर बातचीत करना और तनाव मुक्त परीक्षाओं के साथ कई अन्य विषयों पर चर्चा करना बहुत अच्छा लगा। ‘गौरतलब है कि पीएम मोदी वर्ष 2018 से छात्रों के साथ बोर्ड परीक्षाओं से पहले परीक्षा पे चर्चा करते आ रहे है। इस दौरान वह छात्रों को तनाव मुक्त होकर परीक्षा देने का मंत्र भी देते हैं।





