बाढ़ से निपटने की तैयारियों का मॉकड्रिल, डीएम-एसपी ने परखी व्यवस्थाएं

0
133

फतेहपुर। बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए गुरुवार को जनपद में राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने तहसील बिंदकी के बिंदकी फार्म गांव पहुंचकर मॉकड्रिल की निगरानी की और विभागों की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पांडु नदी के कटान प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को गांवों को कटान से बचाने के लिए तत्काल परियोजना तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गंभीर रोगियों, धात्री महिलाओं तथा पशुओं की सूची तैयार करने और बाढ़ प्रभावित गांवों में टीकाकरण अभियान समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

डीएम ने बाढ़ के दौरान स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए क्लोरीन का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों को इसके उपयोग के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए। ओआरएस वितरण की व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। शासन के निर्देश पर जनपद के पांच स्थानों पर विभिन्न आपदा परिस्थितियों को लेकर मॉकड्रिल आयोजित की गई।

सदर तहसील के ओमघाट भिटौरा में नाव दुर्घटना और गांव के जलमग्न होने की स्थिति, ललौली क्षेत्र में सुरक्षित निकासी एवं बाढ़ शरणालय संचालन, बिंदकी फार्म में भवन ढहने पर राहत एवं बचाव कार्य तथा खागा तहसील में बाढ़ राहत शिविर एवं बाढ़ चौकी संचालन का अभ्यास किया गया।

जिला आपदा विशेषज्ञ ने बताया कि कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 24 घंटे संचालित है। आपदा संबंधी सहायता या शिकायत के लिए नागरिक नियंत्रण कक्ष के नंबर 05180-298632 एवं 9454417876 पर संपर्क कर सकते हैं। मॉकड्रिल में प्रशासन, स्वास्थ्य, अग्निशमन, सिंचाई, शिक्षा एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here