हरदोई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के “सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के गौरवपूर्ण 12 वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक चलाए जा रहे वृहद जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत शनिवार को शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड टोडरपुर की ग्राम पंचायत उमरौली में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यमंत्री (उच्च शिक्षा) रजनी तिवारी ने की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचे।
रात्रि चौपाल में राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाए तथा जनता की शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न उपलब्धियों तथा विकास कार्यों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख श्याम बाबू त्रिवेदी, पीडी ए.के. मौर्य, डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय, डीएसटीओ राम प्रकाश, बीडीओ अरविंद राजपूत, नायब तहसीलदार प्रणव पाण्डेय, प्रधान प्रतिनिधि अवनीश अग्निहोत्री सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





