Monday, May 11, 2026
spot_img
HomeMarqueeमंदबुद्धि छोटे भाई ने बड़े भाई की कर दी हत्या, रातभर शव...

मंदबुद्धि छोटे भाई ने बड़े भाई की कर दी हत्या, रातभर शव के पास ही सोता रहा आरोपी।

गोण्डा। जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पृथ्वीपाल ग्रांट ग्राम पंचायत के महतोडीह मजरे में मानसिक रूप से विक्षिप्त बताए जा रहे छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पूरी रात शव के पास ही सोता रहा।

घटना शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 39 वर्षीय सुमित तिवारी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका छोटा भाई 26 वर्षीय विराट तिवारी है। परिवार के अनुसार दोनों भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। सुमित दिव्यांग था और उसे लगभग 90 प्रतिशत तक दिखाई नहीं देता था।

शनिवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो सुमित तिवारी को खून से लथपथ मृत अवस्था में पाया। पूछताछ के दौरान विराट तिवारी ने खुद स्वीकार किया कि उसने डंडे से सिर पर वार कर अपने बड़े भाई की हत्या की है। इसके बाद परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही धानेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विराट तिवारी अक्सर राहगीरों पर ईंट-पत्थर फेंकता था।

ग्रामीण उसे मानसिक रूप से विक्षिप्त मानकर नजरअंदाज कर देते थे। बताया जाता है कि मृतक सुमित तिवारी की शादी करीब 10 वर्ष पहले इटियाथोक थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी, लेकिन मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण शादी के एक वर्ष बाद ही पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उसकी दोबारा शादी नहीं हुई।

धानेपुर थाना प्रभारी अरविंद यादव ने बताया कि दोनों भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे हैं। आरोपी ने देर रात डंडे से सिर पर वार कर हत्या की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना पर सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular