हमीरपुर। कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में व्यापार एवं उद्योग बंधुओं के साथ बैठक आयोजित हुई।
बैठक में निवेश मित्र पोर्टल, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना व प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि किसी भी ऋण आवेदन को पेंडिंग न रखा जाए और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बैंकर्स योजनाओं के तहत ऋण वितरण में बाधा डालेंगे तो उन पर कार्यवाही होगी।
इस दौरान व्यापारियों की बिजली, पानी, यातायात, जीएसटी भुगतान व साफ-सफाई संबंधी समस्याएं भी सुनी गईं। आगामी तीजा महोत्सव को देखते हुए सड़कों की मरम्मत और साफ-सफाई के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी, पुलिस अधिकारी, उद्योग वाणिज्य कर विभाग तथा व्यापारी बंधु मौजूद रहे।





