लाइब्रेरी में ई-लर्निंग जोन, डिजिटल रीडिंग एरिया, हाईस्पीड इंटरनेट और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री जैसी सुविधाएं मिलेंगी
कानपुर। शहर के फूलबाग स्थित लाइब्रेरी को आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी में परिवर्तित करने के चल रहे कार्यों का गुरुवार को महापौर प्रमिला पांडे ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि यह डिजिटल लाइब्रेरी शहर के छात्रों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए एक बड़ा केंद्र बनेगी, जहां आधुनिक तकनीक के माध्यम से अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता सैय्यद फरीदी अहमद जैदी ने बताया कि लाइब्रेरी में ई-लर्निंग जोन, डिजिटल रीडिंग एरिया, हाईस्पीड इंटरनेट और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। महापौर ने इन व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना शहर की शैक्षिक गुणवत्ता को नई ऊंचाई देगी।
उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी बनने के बाद युवाओं को एक ही स्थान पर सभी जरूरी संसाधन मिलेंगे, जिससे उनकी पढ़ाई और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी को बड़ा लाभ मिलेगा।





