चिउटहा (महराजगंज)। निचलौल-पुरैना मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लखनऊ से आम लेकर निचलौल जा रही एक पिकअप जमुई पंडित के पास स्थित पुलिया पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार यह पुलिया लंबे समय से हादसों का केंद्र बनी हुई है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण लोग इसे अब ‘खूनी पुलिया’ के नाम से पुकारने लगे हैं।
उनका कहना है कि यहां कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं, जबकि कई लोगों की जान भी जा चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि दुर्घटनाओं की मुख्य वजह पुलिया की बनावट है। पुलिया के दोनों ओर सड़क पर्याप्त चौड़ी है, लेकिन पुलिया के पास पहुंचते ही मार्ग अचानक संकरा हो जाता है। साथ ही दोनों तरफ मोड़ होने के कारण तेज रफ्तार वाहन चालकों को संकरी पुलिया का समय पर अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया के नीचे से नहर गुजरने के कारण इसका रखरखाव नहर विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद बार-बार हादसे होने के बाद भी विभाग द्वारा पुलिया के चौड़ीकरण, चेतावनी संकेतक या अन्य सुरक्षा उपायों की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने संबंधित विभाग से शीघ्र सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराने और पुलिया का चौड़ीकरण कराने की मांग की है।





