मिठौरा (महराजगंज)। विकासखंड मिठौरा के ब्लॉक सभागार में लघु सिंचाई विभाग की ओर से 16 से 22 जुलाई तक चल रहे जल संरक्षण जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत जागरूकता बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में अधिकारियों ने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए हर नागरिक से वर्षा जल संचयन अपनाने और पानी की एक-एक बूंद बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) आशीष कुमार सिंह ने कहा कि “जल है तो कल है।” उन्होंने कहा कि बढ़ते जल संकट को देखते हुए पानी का विवेकपूर्ण उपयोग और वर्षा जल का संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक जल बर्बादी रोकने और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
बड़े बाबू उग्रसेन सिंह ने दैनिक जीवन में अपनाए जाने वाले जल बचत के सरल और प्रभावी उपायों की जानकारी दी। वहीं लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता नवीन चंद ने वर्षा जल संचयन (वाटर हार्वेस्टिंग) के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि आज बारिश की हर बूंद को सहेजा जाए, तो भविष्य में जल संकट से काफी हद तक बचा जा सकता है। उन्होंने सभी से अपने घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर वर्षा जल संचयन प्रणाली स्थापित करने की अपील की।
बैठक में उर्दू बाबू इम्तियाज अहमद, ग्राम विकास अधिकारी सर्वोत्तम विश्वकर्मा, जयहिंद शर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर मनोज यादव, राम गुलाब, सिंचाई विभाग के पंकज कुमार, सत्यदेव भार्गव, जितेंद्र कुमार गौतम सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जल संरक्षण को जनभागीदारी से सफल बनाने का संकल्प भी लिया गया।





