उरई (जालौन)। नगर क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटान और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ उप जिलाधिकारी जालौन रिंकू सिंह राही के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार जालौन नगर के चुंगी नंबर चार स्थित दाऊ जी गार्डन के पास SDM रिंकू सिंह राही ने पुलिस टीम के साथ दबिश दी। छापेमारी के दौरान एक डीसीएम वाहन में अवैध लकड़ी बरामद की गई। वहीं लकड़ी लोड करने में इस्तेमाल हो रही एक हैड्रा मशीन को भी प्रशासन ने मौके से कब्जे में ले लिया।
प्रशासन ने दोनों वाहनों को जप्त कर जालौन कोतवाली में खड़ा करा दिया है। कार्रवाई के बाद अवैध लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उप जिलाधिकारी रिंकू सिंह राही लगातार अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए हैं।
इससे पहले भी मिट्टी खनन समेत अन्य अवैध कार्यों पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है। प्रशासन की लगातार सक्रियता से अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। देर रात चली इस कार्रवाई के बाद नगर में प्रशासनिक सख्ती को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।





