बिलग्राम (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खुर्दपुरा में पैतृक भूमि पर कथित अवैध कब्जे का विरोध करने पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने ईंट-पत्थरों, लोहे की कन्नी और हथौड़ी से हमला कर दिया, जिससे एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए।
पीड़ित शब्बीर अहमद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 17 जुलाई की शाम कुछ लोग उनकी पैतृक जमीन पर नींव भरकर निर्माण कार्य कर रहे थे। जब उन्होंने अपने भाई सलीम के साथ इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हमला बोल दिया।
हमले में शब्बीर, उनके भाई सलीम तथा परिवार की एक महिला घायल हो गईं। सलीम के सिर में गंभीर चोट आई और उनका हाथ भी फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बिलग्राम पुलिस ने तहरीर के आधार पर 10 नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





