सुबह उठते ही सबसे पहले एक गिलास गर्म नींबू पानी या एप्पल साइडर विनेगर… पढ़ने में यह एकदम परफेक्ट ‘हेल्दी मॉर्निंग रूटीन’ लगता होगा, मगर सच्चाई थोड़ी अलग है!
आजकल कई लोग फिटनेस को लेकर काफी जागरूक है। ऐसे में, शरीर को ‘डिटॉक्स’ करने और पाचन को दुरुस्त रखने के लिए सुबह-सुबह गर्म पानी में नींबू निचोड़कर या एप्पल साइडर विनेगर पीने का चलन बहुत तेजी से बढ़ा है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि सेहत सुधारने वाली आपकी यह पसंदीदा आदत खामोशी से आपके दांतों को खोखला कर सकती है?
जी हां, डेंटिस्ट चेतावनी देते हैं कि इन ड्रिंक्स से इनेमल इरोजन का खतरा बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। आइए, नोएडा में कंप्लीट डेंटल सॉल्यूशंस की फाउंडर, डॉ. मनस्वी बहल से समझते हैं ऐसा क्यों होता है।
सुबह खाली पेट क्यों है यह खतरनाक?
डॉ. मनस्वी का कहना है कि वैज्ञानिक नजरिए से देखें तो हमारे दांतों की सुरक्षा करने वाला ‘इनेमल’ तब कमजोर होकर गलने लगता है, जब मुंह का pH स्तर 5.5 पर पहुंच जाता है। आपको यह जानकर शायद हैरानी हो कि नींबू के रस और एप्पल साइडर विनेगर का pH स्तर बहुत कम (लगभग 2.0 से 3.0 के बीच) होता है।
जब आप सुबह सोकर उठते हैं और खाली पेट इन ड्रिंक्स को पीते हैं, तो आपके मुंह में लार बहुत कम होती है। लार कम होने के कारण यह एसिडिक पानी सीधे तौर पर आपके दांतों को एक ‘एसिड बाथ’ जैसा असर देता है।
जाने-अनजाने में होने वाली सबसे बड़ी भूल
अक्सर लोग सोचते हैं कि दांतों से एसिड का असर खत्म करने के लिए ड्रिंक पीने के तुरंत बाद ब्रश कर लेना चाहिए, लेकिन असल में यह सबसे बड़ी गलती है।
एसिड के सीधे संपर्क में आने से दांतों का इनेमल कुछ समय के लिए बेहद मुलायम हो जाता है। ऐसे वक्त में टूथब्रश रगड़ने का मतलब है दांतों पर खुरदरा रेगमाल चलाना। ऐसा करने से दांतों की परत छिलने लगती है, दांत पीले दिखाई देने लगते हैं, किनारे घिस जाते हैं और पानी पीते ही दांतों में तेज झनझनाहट होने लगती है।
यह आदत छोड़े बिना कैसे करें दांतों की हिफाजत?
डॉक्टर के मुताबिक, आपको अपने डिटॉक्स रूटीन को बंद करने की कोई जरूरत नहीं है। बस इन आसान और कारगर बदलावों को अपनाएं:
स्ट्रॉ का यूज करें: सीधे गिलास से पीने के बजाय हमेशा रीयूजेबल स्ट्रॉ से पिएं। इससे एसिडिक पानी आपके दांतों को छुए बिना सीधे गले में चला जाएगा।
पानी से तुरंत कुल्ला करें: अपनी ड्रिंक खत्म करने में बाद, सादे पानी से अच्छी तरह मुंह साफ करें। यह साधारण सा कदम आपके मुंह के pH स्तर को तुरंत सामान्य (7.0) कर देता है।
ब्रश करने के लिए रुकें: अपनी प्राकृतिक लार को दांतों की मरम्मत करने का वक्त दें। ड्रिंक पीने के बाद कम से कम 30 से 45 मिनट का इंतजार करें और उसके बाद ही ब्रश करें।
क्या है इसे पीने का सबसे सही समय?
अगर आप एप्पल साइडर विनेगर पीते हैं, तो इसे खाली पेट पीने के बजाय भोजन करने से ठीक पहले पीने की आदत डालें। जब हम खाना खाते हैं, तो हमारा शरीर अपने आप ज्यादा लार बनाता है। यह लार एक सुरक्षा कवच की तरह काम करती है और दांतों को एसिड के नुकसान से बचाती है।





