लखनऊ। उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद अपनी नई पारी को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। 29 सितंबर को जारी वीडियो संदेश में उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह अब राजनीति में उतरेंगी और इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश से ही करेंगी।
दिव्या मित्तल ने अपने संदेश में कहा कि वह किसी राजनीतिक दल के साथ जुड़ने के बजाय सीधे जनता के साथ मिलकर राजनीति करने की दिशा में आगे बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल किसी एक नेता को बदलना नहीं, बल्कि राजनीति के काम करने के तरीके में बदलाव लाना है।
‘यूपी मेरी कर्मभूमि, यहीं से शुरू होगा सफर’
पूर्व आईएएस ने उत्तर प्रदेश को अपनी कर्मभूमि बताते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा इसी प्रदेश से शुरू होगी। उन्होंने आम लोगों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और व्यवस्था में जवाबदेही जैसे मुद्दों को अपने संदेश में प्रमुखता से उठाया।
दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा में करीब 13 साल काम किया। उन्होंने इस्तीफा 30 अगस्त 2026 को दिया था, जिसे सितंबर में मंजूरी मिल गई। इसके बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं चल रही थीं।
अब उनके वीडियो संदेश के बाद यह साफ हो गया है कि पूर्व आईएएस अधिकारी ने राजनीतिक मैदान में उतरने का फैसला किया है। हालांकि, उन्होंने अभी किसी राजनीतिक दल में शामिल होने की घोषणा नहीं की है।





