HomeLucknowलखनऊ में बिजली संकट: गर्मी में ट्रांसफार्मर और केबल बने मुसीबत, एक...

लखनऊ में बिजली संकट: गर्मी में ट्रांसफार्मर और केबल बने मुसीबत, एक से तीन घंटे बत्ती गुल

लखनऊ में गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली संकट गहरा गया है। ट्रांसफार्मर जलने और तकनीकी खराबी के कारण कई इलाकों में बिजली गुल रही, जिससे लोगों को पानी की समस्या का भी सामना करना पड़ा।

लखनऊ। राजधानी में तपिश बढ़ते ही बिजली ने आंख मिचौली का खेल तेज कर दिया है। कही ट्रांसफार्मर जले तो कही तकनीकी खराबी के कारण ट्रांसफार्मरों ने धोखा दिया। वहीं बिजली का लोड बढ़ते ही नक्कखास, महानगर में एरियर बंच केबल (एबीसी) जल गए।

यह वही केबल हैं जो रिवैम्प डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) में बदले गए थे। इसके अलावा हजरतगंज से लेकर चिनहट, जीपीआरए, गोमती नगर सहित डेढ़ दर्जन बिजली उपकेंद्रों से संबंधित क्षेत्रों में बिजली संकट रहा। इसके कारण लाखों उपभोक्ताओं को बिजली के साथ- साथ पानी संकट का सामना करना पड़ा।

वहीं, अभियंताओं ने अपने क्षेत्रों में बिजली संकट छिपाने की भरसक कोशिश की लेकिन उपभोक्ताओं द्वारा सोशल मीडिया का प्लेटफार्म अपनाने के कारण अभियंताओं को फाल्ट को दुरुस्त करवाने में तेजी दिखानी पड़ी।

प्रियदर्शिनी उपकेंद्र के अजीजनगर, वसंत विहार में बिजली समस्या रही। वहीं चिनहट के शिवपुरी बिजली उपकेंद्र से संबंधित अयोध्या रोड व दुर्गा मील में फाल्ट के कारण ढाई घंटे से अधिक बिजली संकट रहा। यहां अभियंताओं ने सूचना मिलते ही 11 केवी फाल्ट को दुरुस्त करने के बाद सप्लाई शुरू करवाई।

चारबाग स्थित रेलवे पावर बिजली उपकेंद्र से संबंधित क्रासिंग से मछली मंडी तक बिजली संकट रहा। जीपीआरए बिजली उपकेंद्र से संबंधित जानकी गार्डेन व सहारा स्टेट में उपभोक्ताओं को घंटों बिजली संकट का सामना करना पड़ा।

वहीं, महानगर के व एच पार्क, जे रोड, पांडेय टोला के पास एरियल बंच केबल में आग लगने के कारण बिजली संकट रहा। अभियंताओं ने बताया कि भीखमपुर बिजली उपकेंद्र के पेपर मिल कालोनी और गोमती नगर के विश्वास खंड बिजली उपकेंद्र से संबंधित विश्वास खंड में भी दो से ढाई घंटे बिजली संकट रहा।

नादान महल रोड बिजली उपकेंद्र से संबंधित नक्खास क्षेत्र में एबीसी जलने के कारण बिजली संकट रहा। यहां एबीसी बदलने के बाद बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी। कबीरनगर बिजली उपकेंद्र से संबंधित क्षेत्र में ट्रांसफार्मर 400 केवीए का खराब होने के कारण बिजली संकट रहा।

इसी तरह दुबग्गा के फरीदीपुर व आसपास बिजली संकट के पीछे 400 केवीए के ट्रांसफार्मर जलने का मुख्य कारण बताया गया। हनुमान सेतु बिजली उपकेंद्र से संबंधित हजरतगंज में हबीबुल्ला स्टेट के पास 11 केवी लाइन में खराबी आने के कारण यहां बिजली संकट तीन घंटे रहा। उधर माल उपकेंद्र के 150 गांव व कस्बाें में भी 11 केवी लाइन फाल्ट आने के कारण बिजली संकट रहा।

राम मनोहर लोहिया अस्पताल में बिजली संकट

राम मनोहर लोहिया अस्पताल को जाने वाली लाइन में फाल्ट के कारण बिजली संकट रहा। अस्पताल के प्रवक्ता भुवन चंद्र तिवारी ने बताया कि तीस से चालीस मिनट तक संकट था, लेकिन जनरेटर होने के कारण काेई समस्या नहीं आई। बता दें कि अस्पताल में सिंगल सोर्स ही गया है, वैकल्पिक सोर्स की व्यवस्था अभी तक यहां नहीं हो सकी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular