मूलभूत सुविधाओं में सुधार शुरू, छात्रों ने जिला प्रशासन और कंपनी का जताया आभार
खागा / फतेहपुर। किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में छात्रों के हालिया विरोध-प्रदर्शन के बाद विद्यालय की व्यवस्थाओं में तेजी से सुधार देखने को मिल रहा है। पेयजल, बिजली, पंखे, खेल मैदान और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर छात्रों द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन की पहल पर विद्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को बिरला एयरकन कंपनी के प्रबंध निदेशक पी. के. जैन ने विद्यालय के प्रधानाचार्य लाल बहादुर सिंह तथा छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में दो आरओ युक्त वाटर कूलरों का लोकार्पण किया। प्रत्येक वाटर कूलर की क्षमता 150 लीटर है, जिससे अब विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। छात्रों ने इस पहल के लिए कंपनी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की समस्या बनी हुई थी, जिसका समाधान होने से उन्हें काफी राहत मिली है।
विद्यालय में अन्य व्यवस्थाओं में भी सुधार किया गया है। नगर पंचायत द्वारा परिसर की साफ-सफाई कराई गई है, शौचालयों की व्यवस्था बेहतर बनाई गई है तथा खेल मैदान की भी सफाई कर उसे उपयोग के लिए तैयार किया गया है। छात्रों ने बताया कि प्रदर्शन के बाद विद्यालय का शैक्षणिक माहौल पूरी तरह सामान्य हो गया है। प्रतिदिन प्रार्थना सभा के साथ नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन हो रहा है।
तहसील प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार विद्यालय की व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि छात्रों की शेष मांगों का भी समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के विकास से छात्र-छात्राओं के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी। उनका कहना है कि यदि इसी तरह शेष मांगों पर भी कार्रवाई होती रही तो विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण और अधिक बेहतर होगा।





